मुख्यमंत्री श्री चौहान से भारत सरकार के प्रमुख आर्थिक सलाहकार श्री संजीव सान्याल ने मुलाकात की MP CM News - Daily Hindi Paper | Online GK in Hindi | Civil Services Notes in Hindi

Breaking

मंगलवार, 29 जून 2021

मुख्यमंत्री श्री चौहान से भारत सरकार के प्रमुख आर्थिक सलाहकार श्री संजीव सान्याल ने मुलाकात की MP CM News


अर्थ-व्यवस्था में पोस्ट कोविड परिवर्तनों एवं सुधारों पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री श्री चौहान से भारत सरकार के प्रमुख आर्थिक सलाहकार श्री संजीव सान्याल ने मुलाकात की MP CM News



मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से आज भारत सरकार के प्रमुख आर्थिक सलाहकार श्री संजीव सान्याल ने मुख्यमंत्री निवास पहुँचकर मुलाकात की। दोनों ने प्रमुख रूप से मध्यप्रदेश की अर्थ-व्यवस्था में पोस्ट कोविड परिवर्तनों एवं सुधारों के विषय में चर्चा की।

श्री सान्याल ने बताया कि कोरोना से ध्वस्त अर्थ-व्यवस्था को सुधारने के लिए हमें नवीन वास्तविकताओं के सर्विलांस, फीडबैक और एडॉप्टेशन की एप्रोच को अपनाना होगा। हमारे आस-पास क्या हो रहा है इसी के आधार पर हमें आगे बढ़ने की जरूरत है। श्री सान्याल ने कहा कि भारत सरकार का वर्ष 2020- 21 का बजट विस्तारवादी था, जिसमें पूंजीगत व्यय, भूमि मुद्रीकरण तथा गैर रणनीतिक क्षेत्रों के निजीकरण पर जोर दिया गया।

श्री सान्याल ने कहा कि पोस्ट कोविड अर्थ-व्यवस्था को सुधारने के लिए मुख्य रूप से तीन उपाय किए जा रहे हैं। पहला अर्थ-व्यवस्था में खपत को प्रोत्साहित करने के लिए राजकोषीय और मौद्रिक समर्थन। दूसरा माँग बढ़ने के कारण हुई मुद्रास्फीति को नियंत्रित करना। तीसरा अधिक प्रभावित क्षेत्रों को लक्षित सहायता उपलब्ध कराना। शहरी विकास के विषय में उन्होंने बताया कि निरंतर पुनर्निवेश के अच्छे परिणाम मिलते हैं।

श्री संजीव सान्याल जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के मानसेवी प्रोफेसर, ड्यूश बैंक के ग्लोबल रणनीतिकार और प्रबंध संचालक तथा ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के विजिटिंग स्कॉलर रहे हैं। वे 'दि लैंड ऑफ सेवन रिवर्स', 'दि इंडियन रेनेसां' तथा 'इंडिया : इन दि एज ऑफ आइडियाज' जैसी प्रसिद्ध पुस्तकों के लेखक हैं। श्री सान्याल को फाइनेंस सेक्टर में लगभग 20 वर्षों का अनुभव हैं। उन्होंने जी 20 देशों के समूह के अंतर्गत बनाए गए वर्किंग ग्रुप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वे वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम के द्वारा यंग ग्लोबल लीडर के रूप में नामांकित हुए तथा नगरीय विकास के कार्यों के लिए उन्हें आइजनहोवर फेलोशिप मिली।