'हमारा संविधान
हमारा स्वाभिमान'
भारत के संविधान और नागरिकों के कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, न्याय विभाग वर्ष भर चलने वाले राष्ट्रव्यापी अभियान ‘हमारा संविधान हमारा सम्मान’ (एचएस2) के सफल आयोजन का जश्न मनाने के लिए 24 जनवरी, 2025 को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में एक कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है।
'हमारा संविधान
हमारा सम्मान' अभियान का शुभारंभ 24 जनवरी 2024 को नई दिल्ली स्थित डॉ.
बीआर अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में उपराष्ट्रपति द्वारा किया गया था। यह
अभियान 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को आकार देने के लिए प्रत्येक नागरिक से
सहयोग का आह्वान करता है। एक गणराज्य के रूप में भारत के 75 वर्ष पूरे होने पर और
संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में इसे शुरू किया गया था।
इस अभियान में
लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी देखी गई। मायगव प्लेटफॉर्म पर 1.3 लाख से अधिक लोगों
ने उत्साहपूर्वक पंच प्रण की शपथ ली जो राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता
को दर्शाती है। ग्राम विधि चेतना पहल के तहत देश भर के लॉ स्कूलों के छात्रों ने
गोद लिए गए गांवों में कानूनी जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया और लगभग 21,000
से अधिक लाभार्थियों तक पहुँचकर जमीनी स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित की। इसके
अतिरिक्त, नारी भागीदारी और वंचित वर्ग सम्मान पहल ने दूरदर्शन और
इग्नू के साथ साझेदारी में न्याय विभाग द्वारा आयोजित प्रभावशाली वेबिनार के
माध्यम से 70 लाख से अधिक दर्शकों को प्रभावी ढंग से जोड़ा जिससे कानूनी और
सामाजिक मामलों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा मिला। युवाओं को प्रेरित करने
के लिए ‘नव भारत नव संकल्प’ अभियान के तहत
विभिन्न संवादात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं जिससे उनकी सक्रिय भागीदारी को
बढ़ावा मिला और बेहतर भविष्य के लिए जिम्मेदारी की भावना को बल मिला।
यह अभियान एक साल
तक चला और भारत के विभिन्न भागों तक पहुँचा। इस दौरान बीकानेर (राजस्थान), प्रयागराज (उत्तर
प्रदेश) और गुवाहाटी (असम) में क्षेत्रीय कार्यक्रम संपन्न हुए। इन कार्यक्रमों
में 5,000 से अधिक लोगों भाग लिया जबकि 8 लाख से अधिक लोगों ने ‘सबको न्याय हर घर
न्याय’, ‘नव भारत नव संकल्प’ और ‘विधि जागृति
अभियान’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए इसमें सक्रिय रूप से भाग लिया।
यह कार्यक्रम
प्रयागराज के अरैल घाट स्थित परमार्थ त्रिवेणी पुष्प पर आयोजित होगा। इस अभियान की
सफलता और इसकी उपलब्धियों का सम्मान करने के लिए यहां कई प्रमुख गतिविधियां आयोजित
की जाएंगी। यह महत्वपूर्ण अवसर, संगम नगरी प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले
के दौरान ही आया है, जो दुनिया के सबसे बड़े और सबसे महत्वपूर्ण
आध्यात्मिक समारोहों में से एक है जहां लाखों लोग गंगा, यमुना और सरस्वती
नदियों के संगम में स्नान करने के लिए एकत्रित होते हैं। प्रयागराज में ‘हमारा संविधान
हमारा सम्मान’ अभियान का समापन समारोह, इस ऐतिहासिक
धार्मिक आयोजन के दौरान ही संपन्न होना विशेष महत्व रखता है, जो भारत की
समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों के
एक साथ आने का प्रतीक है।
'हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान' कार्यक्रम की मुख्य बातें:
उपलब्धि पुस्तिका
का विमोचन: माननीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपलब्धि
पुस्तिका का विमोचन करेंगे। इसमें "हमारा संविधान हमारा सम्मान" अभियान
का विवरण होगा और साथ ही इसके शुभारंभ, क्षेत्रीय
कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और वर्ष भर आयोजित विभिन्न गतिविधियों के
बारे में जानकारियां शामिल होंगी।
न्याय विभाग के
2025 कैलेंडर का शुभारंभ:
अभियान के विषयों और गतिविधियों को प्रतिबिंबित करने
वाला 2025 कैलेंडर भी लॉन्च किया जाएगा।
एचएस2 अभियान पर
फिल्म का विमोचन: एचएस2 अभियान की वर्ष भर की यात्रा को प्रदर्शित करने वाली एक
फिल्म का अनावरण किया जाएगा जिसमें ऑडियो-विजुअल के माध्यम से इसका सार प्रस्तुत
किया जाएगा।
‘हमारा संविधान
हमारा सम्मान’ अभियान ने भारतीय संविधान, उसके इतिहास और
वर्तमान में उसकी प्रासंगिकता के बारे में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका
निभाई है। प्रयागराज में होने जा रहे इस समारोह से इस महत्वपूर्ण पहल का भव्य
समापन होगा और "हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान" का शुभारंभ होगा।
इस कार्यक्रम में
विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री
श्री अर्जुन राम मेघवाल उपस्थित रहेंगे। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष एवं आध्यात्मिक
प्रमुख परम पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे जबकि
परमार्थ निकेतन की अंतर्राष्ट्रीय निदेशक पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती जी सम्मानित
अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में न्याय विभाग के सचिव श्री राज
कुमार गोयल तथा संयुक्त सचिव श्री नीरज कुमार गयागी भी उपस्थित रहेंगे।
क्षेत्रीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत यह चौथा आयोजन, महाकुंभ की भव्यता के बीच प्रयागराज के अरैल घाट के पास परमार्थ निकेतन त्रिवेणी पुष्प में आयोजित किया जा रहा है। इसी के जरिए ‘हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान’ अभियान का शुभारंभ होगा जिसका उद्देश्य संविधान, उसके मूल्यों और सभी नागरिकों के लिए कानूनी अधिकारों के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।