15 माह में कांग्रेस ने किसानों को झांसे में डिफाल्टर बना कर्जमाफी के नाम से ठगा: शिवराज सिंह चौहान - Daily Hindi Paper | Online GK in Hindi | Civil Services Notes in Hindi

Breaking

सोमवार, 26 अक्तूबर 2020

15 माह में कांग्रेस ने किसानों को झांसे में डिफाल्टर बना कर्जमाफी के नाम से ठगा: शिवराज सिंह चौहान

 



मध्यप्रदेश में 28 विधानसभा उपचुनावों के लिए चुनाव प्रचार अभियान के पूरे सात दिन शेष रहने के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर किसानों के मुद्दों को लेकर हमला किया है।

श्री चौहान ने ट्वीट के जरिए कहा 'हमने किसानों की आय बढ़ाने के लिए श्रम किया, शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया, किसान निधि बढ़ाई, सिंचाई का रकबा और उत्पादन बढ़ाया। पर 15 माह में कांग्रेस ने ना केवल किसानों को झांसे में डिफाल्टर बनाया, बल्कि दंडब्याज का बोझ भी लाद दिया। यह था पाप नंबर 2- किसान को कर्जमाफी के झांसे से ठगा।'

श्री चौहान का यह ट्वीट श्री कमलनाथ के उन बयानों से जोड़कर देखा जा रहा है, जो वे अक्सर अपनी सभाओं और सोशल मीडिया में चल रहे वीडियो में कहते हैं कि उन्होंने 'ऐसा क्या पाप किया।'

इन दिनों भाजपा और कांग्रेस अपने अपने चुनाव प्रचार अभियान पर काफी जोर दे रही हैं। भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और अन्य पार्टी नेता एवं पदाधिकारी जुटे हुए हैं, तो कांग्रेस की ओर से मुख्य रूप से श्री कमलनाथ ही मोर्चा संभाले हुए हैं। हालाकि वे अपने साथ श्री अजय सिंह, श्री अरुण यादव या फिर श्री सुरेश पचौरी सरीखे नेताओं को भी प्रचार अभियान में ले जाते हैं।

इसके अलावा आने वाले एक दो दिनाें में राजस्थान के गुर्जर नेता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट भी ग्वालियर चंबल अंचल में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। उनकी ओर सभी की निगाहें टिकी हुयी हैं।