मंत्री श्री कावरे ने बाढ़ प्रभावित ग्रामों का किया भ्रमण प्रभावितों से की चर्चा और उनकी समस्याओं को सुना - Daily Hindi Paper | Online GK in Hindi | Civil Services Notes in Hindi

Breaking

बुधवार, 2 सितंबर 2020

मंत्री श्री कावरे ने बाढ़ प्रभावित ग्रामों का किया भ्रमण प्रभावितों से की चर्चा और उनकी समस्याओं को सुना


मंत्री श्री कावरे ने बाढ़ प्रभावित ग्राम
छिंदगांव, बोड़ुन्दाकला एवं खारा का किया भ्रमण
बाढ़ प्रभावितों से की चर्चा और उनकी समस्याओं को सुना
     मध्यप्रदेश शासन के राज्यमंत्री आयुष (स्वतंत्र प्रभार) एवं जल संसाधन विभाग श्री रामकिशोर “नानो’’ कावरे ने आज 02 सितम्बर 2020 को ग्राम छिंदगांव, बोड़ुन्दाकला, खारा का भ्रमण कर वैनगंगा नदी की बाढ़ से इन ग्रामों में हुए नुकसान का जायजा लिया और बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्‍होंने बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को भी सुना । इस दौरान उनके साथ किरनापुर एसडीएम सुश्री निकिता मंडलोई, जनपद पंचायत किरनापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गायत्री कुमार सारथी एवं ग्राम पंचायतों के सरपंच भी मौजूद थे।
     ग्राम छिंदगांव में ग्रामीणों एवं किसानों ने बताया कि घिसर्री एवं वैनगंगा नदी की बाढ़ के कारण धान एवं सब्जियों के खेत पानी में डूब गये थे। गांव के 80 प्रतिशत खेतों में बाढ़ का पानी भर गया था। गांव में कुछ मकानों में पानी भरने के कारण उन्हें नुकसान हुआ है और वे कभी भी धरासायी हो सकते है। ग्राम बोड़ुन्दाकला में भी वैनगंगा नदी की बाढ़ का पानी खेतों में भर गया था। गांव के कुछ मकानों को भी नुकसान हुआ है। ग्राम खारा में धान के खेतों में पानी भरने से नुकसान हुआ है।   
     मंत्री श्री कावरे ने बाढ़ प्रभावित ग्राम छिंदगांव, बोड़ुन्दाकला, खारा का भ्रमण कर बाढ़ से हुए नुकसान को देखा। जिन मकानों में बाढ़ का पानी भर गया था, उन मकानों में रहने वाले लोगों की सुरक्षित स्थान पर रहने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। मंत्री श्री कावरे ने अतिवृष्टि एवं बाढ़ से ग्रामीणों एवं किसानों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया कि उनका जो कुछ भी नुकसान हुआ है उसका सर्वे किया जायेगा और प्रभावित व्यक्तियों को शासन से हर संभव मदद की जायेगी। प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में मध्यप्रदेश की सरकार बाढ़ एवं अति वृष्टि से प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। प्रदेश सरकार किसी को भी भूखा नहीं रहने देगी।
     मंत्री श्री कावरे ने कहा कि ग्राम के पटवारी एवं ग्राम रोजगार सहायक द्वारा शीघ्र ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बाढ़ से प्रभावित घरों एवं खेतों का सर्वे किया जायेगा और आरबीसी-6-4 के अंतर्गत राहत राशि के प्रकरण तैयार किये जायेंगें। मंत्री श्री कावरे ने कहा कि जिन लोगों के मकानों को अधिक नुकसान हुआ है और उनका नाम आवास योजना की प्रतिक्षा सूची में बहुत पीछे है, ऐसे लोगों को प्राथमिकता से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जायेगा।