विदिशा अपडेट : सुबह तक चार लोगों के शव निकाले ,सरकार द्वारा पांच पांच लाख रुपयों की आर्थिक सहायता। Vidisha Updates - Daily Hindi Paper | Online GK in Hindi | Civil Services Notes in Hindi

Breaking

शुक्रवार, 16 जुलाई 2021

विदिशा अपडेट : सुबह तक चार लोगों के शव निकाले ,सरकार द्वारा पांच पांच लाख रुपयों की आर्थिक सहायता। Vidisha Updates

 विदिशा अपडेट : सुबह तक चार लोगों के शव निकाले ,सरकार द्वारा पांच पांच लाख रुपयों की आर्थिक सहायता। Vidisha Updates

विदिशा अपडेट : सुबह तक चार लोगों के शव निकाले ,सरकार द्वारा पांच पांच लाख रुपयों की आर्थिक सहायता। Vidisha Updates



विदिशा, 16 जुलाई


मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा के बाहरी इलाके में कुए में लगभग तीस लोगों के गिरने के कारण हुए हादसे में आज सुबह तक चार लोगों के शव निकाले जा चुके हैं और एक दर्जन से अधिक लोगों को कल रात ही निकाला जा चुका था।

बताया गया है कि अब भी कम से कम एक दर्जन ग्रामीण लापता हैं, जिन्हें तलाशते हुए परिजन दुर्घटनास्थल के आसपास मौजूद हैं।


इस बीच रात भर चले राहत एवं बचाव कार्य के बाद सुबह तक चार लोगों को मृत अवस्था में निकाला गया। कल रात निकाले गए 15 लोगों को गंजबासौदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गंजबासौदा के बाहरी क्षेत्र के लाल पठार इलाके में कल देर शाम एक बच्चा कुए में गिर गया था। उसे बचाने के लिए दर्जनों ग्रामीण कुए की मुंडेर और उस पर लगी जाली पर चढ़ गए थे। अचानक हुए हादसे के चलते ग्रामीण, जाली और मिट्टी के साथ कुए में जा गिरे थे। देर रात राहत एवं बचाव कार्य के दौरान भी कुछ लोग कुए में गिर गए थे। उन्हें रात्रि में ही सुरक्षित निकाल लिया गया था।


तत्काल प्रारंभ किए गए राहत एवं बचाव कार्य के दौरान 15 लोगों को निकालकर गंजबासौदा अस्पताल पहुंचाया गया था। इसके बाद कुए का पानी निकालने का क्रम शुरू किया गया। तड़के तक दो लोगों के शव मिल चुके थे और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं ट्वीट के जरिए यह जानकारी दी थी। उन्होंने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि भी अर्पित की है।

विदिशा जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग भी देर रात मौके पर पहुंचे और वे रातभर वहीं पर रहे। सुबह बचाव कार्य के दौरान दो शव और निकाले गए। अब तक कुल चार शव निकाले जा चुके हैं। एक अनुमान है कि तीस से अधिक लोग कुए में गिरे हैं। माना जा रहा है कि अब कुछ ही घंटों में स्थिति साफ हो जाएगी।

विदिशा ताजा अपडेट

सरकार ने मृतकों के परिवारजनों को पांच पांच लाख रुपयों की आर्थिक सहायता


मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा जिले के गंजबासौदा में हुए हादसे में मृत नागरिकों के आश्रितों को पांच पांच लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।

श्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि सरकार ने मृतकों के परिवारजनों को पांच पांच लाख रुपयों की आर्थिक सहायता और घायलों को 50-50 हजार रुपए और नि:शुल्क इलाज मुहैया कराने का निर्णय लिया है। श्री चौहान ने कहा कि वे लगातार घटनास्थल पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में हैं और बचाव कार्य की निरंतर निगरानी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शासन के प्रतिनिधि के तौर पर विदिशा के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग भी रात भर घटनास्थल पर मौजूद रहे। उनकी देखरेख में बचाव दल फसे हएु लोगों को बचाने में जुटे हुए हैं। घटनास्थल पर संभाग आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम लोगों को मदद पहुंचा रही है।

इस बीच हादसे के लगभग 12 घंटे बीत जाने के बाद सुबह नौ बजे तक कम से कम एक दर्जन लोगों के लापता होने की जानकारी भी सामने आयी है। प्रशासन लापता लोगों के बारे में जानकारी एकत्रित करने के साथ ही मलबे में दबे लोगों को खोजने में भी जुटा हुआ है।