सिवनी 30 सितम्बर 20
बुधवार 30 सितम्बर को सिवनी विकासखण्ड के ग्राम कारीरात में 27 लाख 71 हजार रूपये लागत से बनी जिले की पहली मॉडल गौशाला का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद डॉ ढाल सिंह बिसेन शामिल हुए तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक श्री दिनेश राय द्वारा की गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, जनपद अध्यक्ष श्रीमती प्रतीक्षा राजपूत,जिला अध्यक्ष भाजपा श्री आलोक दुबे, पूर्व विधायक श्रीमती नीता पटेरिया, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री राजेश त्रिवेदी,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सुनील दुबे, कार्यपालन यंत्री, ग्रामीण यांत्रिकी विभाग श्रीमती उषा चौधरी, उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं श्री जे.पी. शिव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सिवनी श्री कोरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों तथा ग्राम वासियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौवंश का महत्वपूर्ण स्थान रहा है, वेद-पुराण में गौमाता सदैव पूजनीय रही है। वही पराम्परागत भारतीय कृषि में भी गौवंश का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। केन्द्र एवं प्रदेश शासन द्वारा निराश्रित गौ-पशुधन के उत्थान एवं उनकी देखभाल के लिए चलाई जा रही है गौशाला निर्माण की कार्ययोजना निश्चित रूप से सराहनीय है। जिसके तहत आज ग्राम कारीरात में 100 पशुओं की क्षमता वाली मॉडल गौशाला लोकार्पण किया जाना हर्ष का विषय है साथ ही गौशाला का संचालन अजीविका मिशन की स्वसहायता समूह की महिलाओं को दिया जाना उल्लेखनीय कदम है। उन्होंने कहा कि स्वसहायता समूह की महिलाऐं जिस तरह अपने परिवार की बेहतर देखभाल करती हैं उसी तरह निराश्रित गौमाता की सेवा कर इस मॉडल गौशाला का बेहतर प्रबंधन करते हुए दुग्ध उत्पादन, गोबर, कण्डे, खाद, गौमूत्र के साथ अन्य उत्पादों से बेहतर आय प्राप्त कर सकती हैं।
विधायक सिवनी दिनेश राय ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों गरीबों की सरकार है। सदैव प्रदेश सर्वाहारा वर्ग के विकास की दिशा में अनेकों योजनाओं को लागू कर उनका मैदानीस्तर पर क्रियांवयन किया गया है। जिसमें सम्पूर्ण प्रदेश में किए जा रहे गौशाला निर्माण कार्य भी उल्लेखनीय है। जिससे निराश्रित सड़कों पर घूमने वाले गौधन को नया आश्रय मिलेगा वहीं गौमाता की सेवा कर स्वसहायता समूह अथवा सेवा से जुड़े अन्य व्यक्ति आय भी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कारीरात गौशाला का संचालन करने वाली श्रीआजीविका स्वसहायता समूह की सभी 14 महिलाओं को गौशाला का नि:स्वार्थ भाव से बेहतर प्रबंधन करने की बात कही। गौशाला में दुग्ध उत्पादन के साथ ही वर्मिकमपोस्ट, गौकाष्ट, गमले तथा गौमूत्र जैसे उत्पादों से भी अतिरिक्त आय प्राप्त करने की दिशा में कार्य करने की बात कही। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन द्वारा गौशाला प्रबंधन में स्वसहायता समूह की महिलाओं को शामिल किया जाना महिला सशक्तिकरण का उदाहरण बताया गया। उन्होंने समूह की महिलाओं को पूरी उत्साह एवं लगन से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतीक्षा राजपूत तथा जिला भाजपा अध्यक्ष श्री आलोक दुबे द्वारा भी संबोधित कर स्वसहायता समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया साथ ही कारीरात व अन्य ग्राम के ग्रामीणों को गौशाला के लोकार्पण तथा अन्य विकास कार्यों के भूमिपूजन के लिए बधाई दी गई।
ग्राम कारीरात में सम्पन्न हुए उक्त कार्यक्रम में सांसद श्री ढालसिंह बिसेन, विधायक श्री दिनेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, जनपद अध्यक्ष श्रीमती प्रतीक्षा राजपूत,जिला अध्यक्ष भाजपा श्री आलोक दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा ग्राम पंचायत मड़वा, ग्राम पंचायत मुण्डरई, ग्राम पंचायत भण्डारपुर, ग्राम पंचायत मेहराखापा, ग्राम पंचायत चॉवड़ी, ग्राम पंचायत पिपरिया, ग्राम पंचायत लोनिया, ग्राम पंचायत फुलारा, ग्राम पंचायत संगई, ग्राम पंचायत कारीरात के विभिन्न मार्गों का भूमिपूजन कर विकास की सौगात दी गई।
मॉडल गौशला- सिवनी जिले में प्रस्तावित 14 मॉडल गौशाला में से आज ग्राम कारीरात में पहली गौशाला का लोकार्पण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ तथा शेष गौशाला निर्माण का कार्य प्रगतिरत है। 100 पशुओं की क्षमता वाली गौशाला एक एकड़ क्षेत्रफल में निर्मित की गई है तथा 5 एकड़ क्षेत्रफल चारागाह हेतु आराक्षित किया गया है। इन गौशालाओं का संचालन के लिए स्वसहायता समूह की महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए समूह को सशक्त करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। समूह की महिलाऐं गौशाला का संचालन कर दुग्ध उत्पादन, गौकाष्ट, गौमूत्र, वर्मिकम्पोस्ट सहित अन्य उत्पादों से आय प्राप्त कर सकेगी साथ ही पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग द्वारा पशुवार चारे की राशि समूह को उपलब्ध कराएगा। इसी तरह विभाग द्वारा सतत रूप गौशाला के पशुओं के स्वास्थ्य की निगरानी रखी जाएगी। आगामी समय में शासन द्वारा डेयरी मॉडल पर गौशाला का निर्माण किया जाएगा जिसके तहत सिवनी जिले में 50 नई गौशालाऐं बनाई जाना प्रस्तावित हैं। जिससे गौसंवर्धन की दिशा में और बेहतर आयाम सुनिश्चित हो सकेंगे।