फेक खबरें पोस्ट करके कमाए 15 लाख रुपए , यूट्यूबर गिरफ्तार |500 करोड़ की मानहानि का दावा - Daily Hindi Paper | Online GK in Hindi | Civil Services Notes in Hindi

Breaking

गुरुवार, 19 नवंबर 2020

फेक खबरें पोस्ट करके कमाए 15 लाख रुपए , यूट्यूबर गिरफ्तार |500 करोड़ की मानहानि का दावा

 

एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद यूट्यूब पर फेक न्यूज पोस्ट करने वाले एक यूट्यूबर को मुंबई पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने बीते चार महीने में फेक खबरें पोस्ट करके 15 लाख रुपए कमाए हैं। मामले में शिवसेना के वकील ने केस दर्ज करवाया था। कोर्ट ने आरोपी को अग्रिम जमानत दे दी है और उसे जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं।

 

आरोपी का नाम राशिद सिद्दीकी (25 साल) है। वह बिहार में सिविल इंजीनियर है। वह यूट्यूब पर 'एफएफ न्यूज' नाम से एक चैनल चलाता है। शिवसेना की ओर से शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने आरोपी सिद्दीकी के खिलाफ मानहानि, सार्वजनिक रूप से बदनाम करने और जानबूझकर अपमान के आरोप में केस दर्ज किया था। अभिनेता अक्षय कुमार ने भी सिद्दीकी के खिलाफ 500 करोड़ की मानहानि का दावा किया है। उसने एक वीडियो में आरोप लगाया था कि अभिनेता ने कनाडा में रिया चक्रवर्ती को छिपाकर रखा है।

 

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को मुंबई के बांद्रा स्थित फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मुंबई पुलिस, महाराष्ट्र सरकार, मंत्री आदित्य ठाकरे और अभिनेता अक्षय कुमार के खिलाफ सिद्दीकी की खबरों को लाखों व्यूज मिले थे। आरोपी ने सुशांत की मौत के बाद की खबर से यूट्यूब पर 6.5 लाख रुपए कमाए थे। आरोपी के पहले दो लाख सब्सक्राइबर थे, जो अब बढ़कर 3.70 लाख हो गए हैं। इससे पहले मुंबई साइबर पुलिस ने दिल्ली के वकील विभोर आनंद को गिरफ्तार किया था। आनंद को भी इन वीडियो से हजारों सब्सक्राइबर मिले।

 


मुंबई पुलिस का कहना था कि सुशांत की मौत को यूट्यूबर ने पैसे कमाने के एक अवसर के तौर पर लिया।  लोग इससे जुड़ी खबरें जानने के लिए बेताब थे। मौका देखकर यूट्यूबर ने फेक न्यूज पोस्ट करना शुरू कर दिया। उन्होंने मुंबई पुलिस की इमेज खराब की और लॉकडाउन के दौरान खूब पैसा कमाया।